नरैनी। तहसील क्षेत्र के कुलसारी गांव में डायरिया फैलने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को गांव पहुंचकर मरीजों का उपचार किया। यहां 12 से अधिक मरीज डायरिया के पाए गए। विभाग ने यहां क्लोरीन की गोलियां भी बांटी।
कुलसारी गांव में एक सप्ताह से डायरिया फैला है। बुधवार को जानकारी मिलने पर सीएचसी अधीक्षक विपिन शर्मा, डॉ. राजेंद्र पटेल, डॉ. ज्योत्सना समेत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने गांव पहुंचकर डायरिया से पीड़ित अंतिमा, रामकली, शीतला, पूजा, रामसेवक, मुन्नी, कमलेश, मीराबाई, सविता, करन, निराशा, अनूप, करन, सरिता आदि 14 मरीज पाए गए। इनमें से एक मरीज मुन्नी सीएचसी में भर्ती हैं। गांव में डायरिया से ग्रसित मरीजों को स्वास्थ्य विभाग ने ओआरएस पाउडर, दवा, सीरप आदि देकर इलाज किया। अधीक्षक विपिन शर्मा ने सभी को स्वच्छता व साबुन से हाथ धुलने की सलाह दी। पीने के पानी को स्वच्छ बनाने के लिए गांव में क्लोरीन की गोलियां बांटी। स्वास्थ्य टीम में पंकज नामदेव, अवध नरेश, एएनएम सविता पांडे, आंगनबाड़ी गीता देवी, आशा कार्यकर्ता उमा देवी आदि मौजूद रहीं।
बारिश के समय कुएं का पानी हो जाता है दूषित
नरैनी। कुलसारी गांव के कुम्हारन पुरवा में लगभग 12 परिवार रहते हैं। यहां सिर्फ चौकी कुआं है। इसी कुआं का पानी वह पीते हैं। कुआं की नियमित सफाई न होने से बारिश के समय कुआं का पानी दूषित हो जाता है। कोई दूसरा पानी का साधन भी नहीं है। प्रधान दिनेश यादव ने बताया कि कुछ दिन पहले ही गांव में दवा का छिड़काव कराया गया था। संवाद