बांदा। डेंगू का प्रकोप थम नहीं रहा। शनिवार को दो और नए मरीज जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। सभी शहरी क्षेत्र के हैं। अब डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 37 पहुंच गई है। मौजूदा में आठ डेंगू पीड़ित जिला अस्पताल और 11 मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं।
शनिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1072 मरीज इलाज कराने पहुंचे। इनमें 219 मरीज बुखार से ग्रसित रहे। डॉ. हृदयेश पटेल, डॉ. एसडी त्रिपाठी, डॉ. आरके गुप्ता, डॉ. शिशिर चतुर्वेदी के कक्षों में मरीजों की भीड़ रही। डेंगू संदिग्ध मरीजों की जांच कराई गई। करीब 19 नमूनों की जांच में दो डेंगू से पीड़ित पाए गए हैं। इनमें खुटला निवासी 35 वर्षीय और सर्वोदय नगर निवासी 30 वर्षीय युवक शामिल है।
जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में इन्हें भर्ती किया गया है। उधर, डेंगू के लक्षण पर बगेहटा (बबेरू) गांव निवासी गुलजार (19) पुत्र सरवर को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। सीएमएस डॉ. एसएन मिश्र ने बताया कि हर मरीज को मच्छरदानी दी जा रही है। डेंगू से संबंधित गाइड लाइन का पालन किया और मरीजों से भी कराया जा रहा है।
उधर, रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में 942 नए मरीज इलाज कराने पहुंचे। इनमें 157 बुखार के थे। 42 संदिग्धों की किट से डेंगू जांच कराई गई। फिलहाल कोई पॉजिटिव नहीं मिला। प्राचार्य डा.मुकेश कुमार यादव ने बताया कि डेंगू वार्ड में कुल 11 मरीज भर्ती हैं। वरिष्ठ फिजीशियन डा.शैलेंद्र यादव डेंगू मरीजों का इलाज कर रहे हैं।