बांदा। ग्रामीणों के लिए इलाज की बेहतर सुविधा के लिए अंचलों के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य एटीएम मशीनें बढ़ाई जाएंगी। जिले के 23 माफिया पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है। इसके अलावा सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और प्रमुख धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण पर फोकस रहेगा। यह दावा योगी सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर पत्रकारवार्ता में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने किया।
कलक्ट्रेट सभागार में सदर विधायक ने शुक्रवार को प्रदेश में दूसरी बार बनी भाजपा सरकार की अब तक की उपलिब्धयां गिनाईं। उन्होंने आगामी कार्यों को भी बताया। कहा कि महाराणा प्रताप चौराहा की तर्ज पर शहर के तीन चौराहों का भी जल्द सुंदरीकरण होगा। शहर का प्राचीन बांबेश्वर मंदिर, गूढ़ा कला का हनुमान मंदिर, खत्री पहाड़ के देवी मंदिर को भव्यता दी जाएगी।
पेयजल की समस्या का समाधान करने के लिए भूरागढ़ और पैलानी क्षेत्र में बैराज की मंजूरी मिल गई है। जल्द ही आगे की प्रक्रिया पूूरी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों का चौड़ीकरण भी योजना में शामिल है। जिला अस्पताल की तरह ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में हेल्थ एटीएम मशीनें लगाई जाएंगी। इसके लिए शासन स्तर पर तैयारी चल रही है। इससे ग्रामीण मरीजों को विभिन्न बीमारियों की मुफ्त जांच के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं दौड़ना पड़ेगा।
बताया कि जिले को अपराध मुक्त करने के लिए पुलिस चौकस है। माफिया मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद के तीन करीबियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इसके साथ ही ऐसे 23 माफिया चिह्नित किए गए हैं, जिन पर विभिन्न गंभीर मामलों में 313 मुकदमा दर्ज हैं। बताया कि इनकी कुंडली तैयार हो चुकी है, जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डबल इंजन सरकार पुस्तिका का विमोचन
इससे पहले विधायक, अन्य भाजपा पदाधिकारियों और अफसरों ने विकास पुस्तिका छह वर्ष सुशासन का विमोचन किया। कार्यक्रम में नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, भाजपा नेता धर्मेंद्र त्रिपाठी, डीएम दीपा रंजन, सीडीओ वेद प्रकाश, एडीएम उमाकांत त्रिपाठी व कई ब्लॉक प्रमुख व अफसर रहे।