बांदा। गुरुजी! माफ कीजिएगा, कॉपी में ज्यादा नहीं लिखा, पास कर दीजिएगा, भविष्य खराब न कीजिएगा। हाईस्कूल और इंटर की कापियां जांचने के दौरान परीक्षकों को आखिरी पेज पर कुछ ऐसे नोट पढ़ने को मिल रहे हैं। रुपये भी निकल रहे हैं।
हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाएं आदर्श बजरंग इंटर काॅलेज और इंटर की कॉपियां डीएवी इंटर काॅलेज में जांची जा रही हैं। दोनों केंद्रों में लगभग 575 परीक्षक मूल्यांकन में लगे हैं। हाईस्कूल और इंटर की कॉपियां जांच रहे परीक्षकों ने बताया कि कई परीक्षार्थियों ने कॉपी में बहुत कम लिखा है। एक परीक्षक ने बताया कि कई छात्र-छात्राओं ने पास करने के लिए तरह-तरह के नोट लिखे हैं। किसी ने फेल होने पर नौकरी नहीं मिलने की बात लिखी तो किसी ने शादी टूट जाने का हवाला देकर पास करने का संदेश लिख डाला।
परीक्षकों ने बताया कि गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान आदि विषयों में परीक्षार्थी मुश्किल से पास हो रहे हैं। ज्यादातर काॅपियां खाली मिल रही हैं। बजरंग विद्यालय और डीएवी कालेज के परीक्षकों ने बताया कि कॉपियों में 50, 100 और 200 रुपये के नोट निकल रहे हैं। साथ में नोट भी लिखा कि- रुपये लीजिए और नंबर दीजिए। कई ने तो नंबर दिखाने पर ऑनलाइन ट्रांसफर तक की बात लिख डाली है।
जांचने के लिए बची हैं 26,719 कापियां
जिले के दो केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटर की कुल 1,61,447 उत्तर पुस्तिकाएं जांचनी थी। अब तक 1,34,728 कापियां जांची जा चुकी हैं। 26,719 कापियां जांचने के लिए शेष बची हैं। आदर्श बजरंग इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य मेजर मिथलेश कुमार पांडेय ने बताया कि हाईस्कूल की कुल 67,178 कापियों में 18,391 शेष बची हैं। 48,787 कापियां चेक हो चुकीं। 30 मार्च तक मूल्यांकन पूरा हो जाएगा। डीएवी कालेज के प्रधानाचार्य डा.आनंद कुमार ने बताया कि उनके केंद्र में इंटर की कुल 94,269 कापियां चेक की जानी हैं। 8328 उत्तर पुस्तिकाएं जांचने को बची हैं। अब तक 85,941 कापियां चेक हो चुकी हैं। मूल्यांकन कार्य सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हो रहा है।