नरैनी। घर से घूमने के लिए ट्रेन से गुजरात जा रहे युवक की रास्ते में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मध्य प्रदेश पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
कोतवाली क्षेत्र अतर्रा के गोखिया गांव निवासी महेंद्र उर्फ नन्ना (22) दो दिन पहले अपने घर से घूमने के लिए सूरत जा रहा था। उसकी संदिग्ध परिस्थिति में रास्ते में मध्य प्रदेश के उज्जैन स्टेशन के करीब ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मध्य प्रदेश पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। घटना की जानकारी मंगलवार को मध्य प्रदेश पुलिस ने परिवार को दी। मृतक के पारिवारिक भाई रघुनाथ ने बताया कि यह किसानी का काम करता था। घूमने के लिए दो दिन पहले ही गांव से निकला था। आपस में दो भाई हैं। यह बड़ा था। परिवार के लोग शव लेकर गांव आ रहे हैं।