बांदा। दीपावली पर चित्रकूट में लगने वाले पांच दिवसीय दीपमालिका मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए परिवहन निगम ने खासी तैयारियां की हैं। बांदा सहित प्रयागराज व कानपुर परिक्षेत्र से रोडवेज 320 अतिरिक्त बसें चलाएगा। इनमें चित्रकूट परिक्षेत्र की 140, प्रयागराज की 130 व कानपुर से 50 बसें फर्राटा भरेंगी। बसों का संचालन 10 से 15 नवंबर तक होगा।
चित्रकूट में धनतेरस से दीपमालिका मेला शुरू होकर भैयादूज तक चलता है। दीपावली पर मंदाकिनी नदी में दीपदान का खास महत्व होने से लाखों की तादाद में श्रद्धालु चित्रकूट पहुंचते हैं। ऐसे में रोडवेज ने यात्रियों को सुविधा देने के लिए बसों के फेरे बढ़ाए हैं। इसके अलावा मंडल मुख्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। अधिकारी निरंतर व्यवस्थाओं की मानिटरिंग करेंगे। क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप अग्रवाल ने बताया कि मेला प्रभारी बांदा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरएम लक्ष्मण सिंह होंगे।
कहां से कितनी चलेंगी बसें
कहां से कहां तक
बस
बांदा से चित्रकूट
45
महोबा से चित्रकूट
45
राठ से चित्रकूट
30
हमीरपुर से चित्रकूट
20
प्रयागराज से चित्रकूट
130
कानपुर से चित्रकूट
50
योग-
320
परिवहन निगम ने दीपदान मेले को लेकर कर्मचारियों की अगले 10 दिनों के लिए छुट्टियां निरस्त कर दी हैं। जो चालक, परिचालक और कर्मचारी छुट्टी पर हैं, उन्हें 24 घंटे के अंदर ड्यूटी पर वापस लौटने की नोटिस दिया गया है। चेतावनी दी गई है कि यदि वे आदेश नहीं मानते हैं तो निलंबन व संविदा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी।
मार्ग में खराब होने वाली बसों की मरम्मत के लिए कार्यशाला कार्मिकों की दो टीमें बनाई गई हैं। एक टीम रात में दूसरी दिन में काम करेगी। प्रत्येक टीम में छह-छह कार्मिक होंगे। कहीं से भी बसों के खराब होने की सूचना पर वह तत्काल मौके पर पहुंचकर बस को ठीक करने का काम करेंगे।
परिवहन निगम ने कर्मचारियों को लगातार ड्यूटी पर प्रोत्साहन राशि देगा। संविदा व आउट सोर्सिंग के चालक व परिचालक को 10 दिन की लगातार प्रति दिन 300 किलोमीटर का परिचालन करने पर 350 रुपये रोजाना यानि 3500 व 11 दिन की नियमित ड्यूटी पर 400 रुपये रोजाना प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसी प्रकार कार्यशाला कार्मिकों 11 दिन की ड्यूटी पर 1800 व 10 दिन की ड्यूटी पर 1500 रुपये एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।