बांदा। बोर्ड परीक्षा के नतीजों ने छात्र-छात्राओं के चेहरों पर खुशी की चमक ला दी। हाईस्कूल और इंटर की टॉप-10 सूची में पहले नंबर पर छात्राओं का दबदबा बरकरार रहा। हाईस्कूल में 19 छात्र-छात्राएं टॉप-10 श्रेणी में हैं। इनमें नौ छात्राएं शामिल हैं। इसी तरह इंटर में 16 छात्र-छात्राओं ने बाजी मारी। इनमें पांच छात्राएं हैं। पिछली बार भी हाईस्कूल और इंटर में छात्राओं का ही दबदबा रहा।
मंगलवार को बोर्ड परीक्षा के नतीजे घोषित हो गए। इंटर में अनुराधा गुप्ता ने जिले में टॉप किया है। उन्होंने 96.40 फीसदी अंक हासिल किए हैं। छात्र किशन विवेक, सौरभ सिंह व छात्रा नंदिनी गुप्ता ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्हें 95.60 फीसदी अंक प्राप्त हुए हैं। जिले तीसरे स्थान पर रुचि सिंह (95.20 फीसदी) रहीं।
हाईस्कूल में छात्रा अंतरा गुप्ता व अंचल जिला टॉपर रहीं। दोनों ने 95.50 फीसदी अंक हासिल किए हैं। दूसरे नंबर पर प्रद्युम्न कुमार (95.17 फीसदी) रहे। तीसरा स्थान राज चक्रवर्ती, कमलेश कुमार व अनुष्का गुप्ता ने संयुक्त रूप से हासिल किया। उन्होंने 95 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं।