तिंदवारी। जीजीआईसी की छात्राओं को थाने का भ्रमण कराया गया। इसमें छात्राओं ने थाने में प्रार्थना पत्र आने से लेकर रिपोर्ट दर्ज होने, आरोपी को हवालात में बंद रखने व उसे जेल भेजने आदि के विषय में जानकारी हासिल की। उन्होंने इस दौरान परिसर, महिला हेल्प डेस्क, साइबर सेल, सीसीटीएन कक्ष, हवालात, माल गृह, और कार्यालय का भ्रमण किया। अपराध और त्योहार रजिस्टर का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान थाने में जीजीआईसी की नौवीं की छात्रा निधि सिंह को थाना प्रभारी कौशल सिंह ने एक दिन का थानाध्यक्ष बनाया। निधि ने जनसुनवाई के संबंध में मिले सहिंगा गांव के आवेदिका के प्रार्थना पत्र पर महिला कांस्टेबल मोहिनी तिवारी से दूसरे पक्ष को बुलवाया। एक दूसरे पक्ष की बातें सुनने के बाद दोनों पक्षों में आपसी सहमति बनाते हुए सुलह करवाया।
निधि सिंह ने नसीहत दी कि घर के बर्तनों का आपस में खनकना स्वाभाविक है, लेकिन उसे घर में ही सुलझा लिया जाता है। छोटे-छोटे विवादों को पुलिस तक लाने में पारिवारिक दूरियां बढ़ जाती हैं, परिवार में हंसी खुशी से रहें।
महिला कांस्टेबल हेमलता के 14 दिन के आकस्मिक अवकाश लेने की वजह सही न होने के कारण अवकाश प्रार्थना पत्र को निरस्त कर दिया। इस दौरान पुलिस स्टॉफ और कॉलेज के शिक्षक आदि मौजूद रहे।