बांदा। संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत पर परिजनों ने गलत नसबंदी का आरोप लगाया है। डाक्टर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
पैलानी थाना क्षेत्र के अमलोर गांव निवासी जय प्रकाश निषाद की पत्नी ज्योति (32) की सोमवार को सुबह मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि तिंदवारी सीएचसी में गलत नसबंदी से मौत हुई। जेठ हरि प्रकाश निषाद ने पैलानी थाना पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि बहू ज्योति की तीन फरवरी को नसबंदी कराई थी। तभी से उसकी तबीयत खराब रही। कई जगह इलाज कराया, लेकिन आराम नहीं लगा। सोमवार को सुबह उसकी मृत्यु हो गई। डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पैलानी थानाध्यक्ष कुलदीप कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, तिंदवारी सीएचसी प्रभारी लवलेश पटेल और नसबंदी करने वाले डॉ. बीके श्रीवास्तव का कहना है कि ज्योति की मृत्यु किसी अन्य कारण से हुई होगी। नसबंदी से मृत्यु नहीं हो सकती। कोई समस्या आती तो नसबंदी के सात दिन के अंदर हो जाती।