बांदा। फेसबुक पर हुई दोस्ती प्यार में बदल गई। इस पर शादीशुदा युवती पति को छोड़कर मध्य प्रदेश से प्रेमी से मिलने बांदा आ गई। युवती के शादीशुदा होने का पता चलने पर युवक ने शादी करने से इनकार कर दिया। इससे आहत युवती ने महिला थाना परिसर में जहर खा लिया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हालांकि पुलिस जहर खाने की पुष्टि नहीं कर रही, सिर्फ हालत बिगड़ने की बात कह रही है।
मध्य प्रदेश के कटनी जिले की 21 वर्षीय शादीशुदा युवती का बांदा के एक युवक से फेसबुक से दोस्ती हो गई। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। इस पर वह प्रेमी के भरोसे कटनी से पति को छोड़कर बांदा आ गई। यहां प्रेमी से मिली और शादी के लिए कहा। प्रेमी ने युवती के शादीशुदा होने पर शादी से इनकार कर दिया। इस पर वह प्रेमी की शिकायत करने महिला थाने पहुंच गई। अभी पुलिस उसकी शिकायत सुन ही रही थी कि अचानक उसने पुड़िया में रखा जहर खा लिया। इससे हालत बिगड़ गई। अचानक हालत बिगड़ते देख पुलिस उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां उसे भर्ती कराया गया है।
महिला थानाध्यक्ष मोनी निषाद ने बताया कि मध्य प्रदेश की युवती अपनी शिकायत लेकर थाने आई थी। यहां उसकी शिकायत सुनी जा रही थी तभी उसकी अचानक हालत बिगड़ गई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका इलाज किया जा रहा है। महिला थानाध्यक्ष ने जहर खाने की बात से अनभिज्ञता जताई है। उनका कहना है कि अचानक हालत बिगड़ी थी।