बांदा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगरीय निकाय चुनाव में चौथे दिन अध्यक्ष पद पर सपा प्रत्याशियों सहित कुल छह नामाकन दाखिल हुए। इनमें दो निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल है। बबेरू में सपा प्रत्याशी पहले ही नामांकन करा चुके है। सदस्य के लिए नगर पालिका बांदा, अतर्रा सहित तीन नगर पंचायतों में 21 नामांकन हुए।
शुक्रवार को नामांकन स्थल जीआईसी में नगर पालिका अध्यक्ष मोहन साहू की पत्नी व सपा प्रत्याशी गीता साहू ने सादगी के साथ नामांकन कराया। निर्दलीय प्रत्याशी उर्मिला ने पर्चा भरा। उधर, पर्चा लेने वालों की खासी भीड़भाड़ रही। नगर पालिका अतर्रा से निर्दलीय प्रत्याशी शिवकन्या देवी ने नामांकन कराया। नगर पंचायत मटौध से सपा प्रत्याशी बाबू, तिंदवारी से सपा प्रत्याशी प्रियंका पटेल, नरैनी से सपा प्रत्याशी मूलचंद्र ने नामांकन कराया। बबेरू से सपा प्रत्याशी सूर्यपाल पहले ही नामांकन करा चुके है। अब तक अध्यक्ष पद पर नामांकन कराने वालों की संख्या सात पहुंच गई है।
उधर, सदस्य पद पर 21 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस प्रकार अब तक सदस्य पद पर नामांकन कराने वालों की संख्या 31 हो गई है। इसके साथ शुक्रवार को अध्यक्ष पद पर 22 व सदस्य के लिए 118 पर्चे बिके। यानि अब तक अध्यक्ष पद पर 222 व सदस्य के 837 पर्चे बिके। भाजपा, बसपा व कांग्रेस से एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। इन्होंने अभी प्रत्याशी ही घोषित नहीं किए। नामांकन स्थलों पर सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात रहा।
समर्थकों को 200 मीटर दूर बैरियर पर रोक दिया गया। जीआईसी में एडीएम उमाकांत त्रिपाठी, अपर एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र, अतर्रा के हिंदू इंटर काॅलेज आदि में एसडीएम ने निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी।