तिंदवारी। पुलिस और वन विभाग की टीम ने चोरी से कीमती लकड़ियों को काट कर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। लकड़ी काटते चार चोरों को रंगे हाथों पकड़ा, जबकि एक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
शुक्रवार को शाम करीब छह बजे वन विभाग के वन दरोगा रामप्रताप सिंह व वन रक्षक रामराज यादव और तिंदवारी थाना प्रभारी कौशल सिंह फोर्स के साथ बांदा टांडा नेशनल हाईवे के किनारे लगे सेमरी गांव के पास शीशम की कीमती लकड़ियों को काटते हुए देहात कोतवाली के महोखर के मजरा जमुनीपुरवा निवासी अरुण व अनूप और महोखर निवासी राम सिंह, कपिल को रंगे हाथों दबोच लिया। महोखर निवासी कजरा उर्फ पिन्टू चकमा देकर भाग गया।
पुलिस ने वन रक्षक रामराज यादव की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर शनिवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने लकड़ी काट कर बेचने वाले चोरों के पास से एक पिकअप, एक बाइक, चार स्मार्ट मोबाइल फोन और लड़की काटने वाली कटर मशीन आदि बरामद हुई है। थाना प्रभारी कौशल सिंह ने बताया कि चार आरोपियों को जेल भेजा गया है पांचवें की तलाश जारी है।
सीओ सदर अंबुजा त्रिवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने टीम में शामिल वन विभाग के उपनिरीक्षक रामप्रताप सिंह, वन रक्षक रामराज यादव समेत थाना प्रभारी कौशल सिंह, कांस्टेबल हरचरन लाल, हरिन्द्र चौहान, आशीष को शाबाशी दी है।