नरैनी/चित्रकूट। बांदा जनपद में अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने से महिला समेत चार की मौत हो गई और सात लोग झुलस गए। झुलसे लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, चित्रकूट में भी बिजली गिरने से एक की मौत हुई है।
नरैली तहसील क्षेत्र के नौगवां गांव निवासी मातादीन (55) अपनी पत्नी बच्ची (52) व पुत्री पार्वती (16) के साथ बुधवार की शाम खेत से घर लौट रहा था। तेज बारिश शुरू हो गई। तभी धमाके के साथ गिरी बिजली की चपेट में आकर मातादीन की मौत हो गई। पत्नी और पुत्री झुलस गईं। वहीं, तिंदवारी में रजुवा (36) पत्नी प्रेम प्रकाश और अरबई निवासी भोला (14) की बिजली गिरने से मौत हो गई।
दूसरी घटना में बरुआ कालिंजर गांव की रनिया उर्फ रानी (35) पत्नी अवधनरेश, बुटुवा (65) पत्नी भइयालाल व पाथर कछार (एमपी) निवासी विपिन (12) पुत्र लालभइया बुधवार को शाम खेत पर काम कर रहे थे। बिजली गिरने से तीनों झुलस गए। रास्ते में रनिया की मौत हो गई।
तीसरी घटना में रगौली भटपुरा निवासी किशोरी (40) पत्नी सुंदरलाल, संगीता (26) पत्नी गोरेलाल व अर्चना (42) पत्नी रामनरेश बुधवार को शाम खेत में निराई कर रहे थे। तभी बिजली गिरने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, उप जिलाधिकारी रावेंद्र सिंह राजस्व कर्मियों के साथ सीएचसी पहुंचे। मृतकों और झुलसे लोगों के परिजनों से जानकारी ली। नियमानुसार मदद का आश्वासन दिया।
वहीं, चित्रकूट के राजापुर थाना क्षेत्र के नांदिनकुर्मियान गांव में बुधवार की देर शाम को बिजली गिरने से 12 साल के विकास उर्फ चंद्रभान पुत्र शंकर दयाल की मौत हो गई। थाने के दरोगा राजेश राय ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।