बांदा। घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित मवेशी बाड़े में शार्ट सर्किट से लगी आग में दो लोग झुलस गए। भैंस, पड़िया व चार बकरियों की झुलसकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। झुलसे दोनों लोगों को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के परास गांव निवासी नरोत्तम (47) के घर से करीब 50 मीटर दूरी पर मवेशी बाड़ा है। यहां सोमवार को दोपहर अचानक शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगता देख नरोत्तम व उसका रिश्तेदार भुराने पुरवा निवासी लवकुश (18) दौड़े और आग बुझाने का प्रयास किया। जिससे वह गंभीर झुलस गए। मवेशी बाड़े में बंधी भैंस, एक पड़िया, चार बकरी की झुलसकर मौत हो गई।
मवेशीबाड़े में रखा अन्य सामान भी जल गया। झुलसे दोनों को बबेरू सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से नरोत्तम व लवकुश को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। यहां जिला अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है।