फोटो-5-दुकान में आग लगने से सामान जल गया। संवाद
गिरवां। क्षेत्र के अकबरपुर देवीजी गांव में बुधवार शाम शॉर्ट सर्किट से किराना की दुकान में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित के अनुसार आग से बड़ा नुकसान हुआ है। गांव निवासी राजू पुत्र रामौतार के घर में ही किराना की दुकान संचालित है। बुधवार शाम अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग तेजी से फैल गई। धुआं और आग देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने पानी और अन्य साधनों से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखा किराना का पूरा सामान जल चुका था। पीड़ित ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है। संवाद