नरैनी। तहसील क्षेत्र के करतल गांव में भूमि की पत्थरगड्डी उखाड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़ित की शिकायत पर राजस्व विभाग की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। गांव निवासी अनुपम तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके नाम दर्ज भूमि की राजस्व विभाग द्वारा 10 जून को पैमाइश कर पत्थरगड्डी कराई गई थी। इसके बाद गांव के कुछ लोगों ने मिलकर भूमि पर लगाए गए पत्थरों को उखाड़ दिया और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले की जानकारी पर राजस्व निरीक्षक ने पुलिस चौकी करतल के स्टाॅफ के साथ मौके का निरीक्षण किया। जांच में पत्थरगड्डी के पत्थर उखाड़े जाने की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की संस्तुति की गई। कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया कि शिकायत और राजस्व विभाग की आख्या के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)