संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम 10 से 28 फरवरी तक चलेगा। बुधवार को सीडीओ वेद प्रकाश मौर्य ने कलक्ट्रेट सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक में तैयारियों की समीक्षा की। सीएमओ डा. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि दवा सभी आयुवर्ग को एक डोज खिलाया जाना है।
दो से पांच वर्ष के बच्चों को 100 मिली ग्राम एक टेबलेट, छह से 14 वर्ष के बच्चों को 200 मिली ग्राम दो टेबलेट व इससे अधिक उम्र के लोगों को 300 मिलीग्राम तीन टेबलेट व एक एल्बेंडाजाल खिलाई जाएगी। दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं गंभीर रोग से ग्रसित रोगियों को दवा नहीं खिलाई जानी है।
उन्होंने कहा कि रात्रि कालीन सर्वे में 5420 ब्लड स्लाइडें एकत्रित की गईं। जांच में 84 माइक्रो फाइलेरिया धनात्मक रोगी पाए गए हैं। फाइलेरिया मच्छर के काटने से होता है, इस रोग में हाथ, पैर, हाइड्रोसील, स्तन आदि सामान्य से अधिक मोटा हो जाता है। जनपद की कुल 2106923 जनसंख्या को फाइलेरिया रोग से बचाव की दवा खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य व बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।