जसपुरा (बांदा)। ब्लाक क्षेत्र के नांदादेव गांव में मंगलवार को काली देवी मंदिर परिसर में दंगल का आयोजन किया गया। प्रधान रोहित निषाद ने कुश्ती शुरू कराई।
मथुरा के पहलवान हैप्पी ने एटा के पहलवान शिवा को चित कर दिया। जबकि नांदादेव गांव के पहलवान महेश ने पपरेंदा के पहलवान रवीकरन को पटकनी दी। 11 हजार रुपये की कुश्ती में फिरोजाबाद के पहलवान राहुल ने आगरा के पहलवान अरुण को चित कर दिया। 21 हजार रुपये की कुश्ती में फतेहपुर के पुष्कर पहलवान ने विजय हासिल की। उन्होंने ग्वालियर के नारायण पहलवान को मलाई घिस्सा दांव लगाकर चित कर दिया। आधा दर्जन कुश्तियां बराबरी पर छूटीं।
इस दौरान श्रीलाल पूर्व प्रधान, राजेंद्र यादव, सुरेश निषाद, रामबहादुर सिंह, सरजू प्रसाद, सत्यम सिंह चौहान व जसपुरा पुलिस बल मौजूद रहा। उद्घोषक शिवविलास पलरा और रैफरी नंदू मूंगुंस, सम्मू पहलवान, शत्रुघ्न बछेउरा रहे।