बबेरू। बिजली कटौती और लो वोल्टेज से परेशान क्षेत्र के कई गांवों के किसानों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। डीएम को संबोधित ज्ञापन में कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी सुन नहीं रहे हैं। धान की रोपाई बाधित है। तत्काल बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो आमरण अनशन के लिए विवश होंगे।
समाजसेवी पीसी पटेल की अगुवाई में शनिवार को सुबह सैकड़ों किसान तहसील परिसर पहुंचे और धरना देकर नारेबाजी की। कहा कि उपकेंद्र मुरवल, बबेरू, बिसंडा और पखरौली में बिजली आपूर्ति बेहद प्रभावित है। किसान इस समय धान की रोपाई कर रहे हैं, पर बिजली न आने से नलकूप नहीं चल पा रहे और रोपाई पिछड़ रही है। बिजली आती है तो लो वोल्टेज के कारण कुछ नहीं चल पाता।
बताया कि पिछले सप्ताह उप केंद्र बबेरू का घेराव किया था। अधिकारियों ने भरोसा दिया था, पर अभी तक कोई सुधार नहीं हुआ। किसानों ने लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती बंद करने, जल जीवन मिशन के तहत गांवों में खोदे गए गड्ढे दुरुस्त कराने, बेसहारा गोवंशों को संरक्षित कराने, मुरवल उप केंद्र में ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि करने की मांग की।
डीएम व मंडलायुक्त को संबोधित एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान न हुआ तो किसान जिला मुख्यालय में आमरण अनशन करेंगे। अरविंद कुमार पटेल, अब्दुल हमीद, विनय सिंह पटेल, धर्मपाल, कमलाकांत पांडेय, रामविलास व रामबक्श आदि मौजूद रहे।