बबेरू। खेत से धान की बेड़ लगाकर वापस घर जा रहे किसान को तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के उमरहनी गांव निवासी किसान सियाराम यादव उर्फ चुनकाउना (45) तीन बीघे का कास्तकार है। बुधवार की देर शाम अपने खेत से धान की बेड़ लगाकर वापस घर जा रहा था। जैसे ही वह सतन्याव बस स्टाप के पास पहुंचा। तभी कमासिन की ओर से एक प्राइवेट बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिर गया।
घटना देख ग्रामीण पहुंचते तब तक बस चालक बस को लेकर भाग खड़ा हुआ। सड़क पर तड़प रहे किसान को ग्रामीण व पुलिस को सूचना देने के साथ इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। उसके दो बेटे, तीन बेटियां हैं। पत्नी छोटकी है। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह का कहना है कि अस्पताल के मेमो के आधार पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।