बांदा। नरैनी क्षेत्र के गांव गुढ़ाकला के चौकी पुरवा निवासी किसान रामभरोसे (45) की सांप के तीन बार डसने से मौत हो गई। वह खेत में चारा काटने के लिए गए थे। अचानक सांप उनके पैरों के नीचे आ गया। सांप के डसने से उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें पहले नरैनी सीएचसी ले गए। आराम न मिलने पर रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां भी इलाज में राहत न मिलने पर उन्हें गांव ले गए और झाड़फूंक कराई। इस पर भी आराम नहीं मिला तो उन्हें रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। तीन दिन बाद सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। किसान के चार पुत्र व दो पुत्रियां हैं। नरैनी कोतवाल प्रताप सिंह ने बताया कि सांप के डसने से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।