बांदा। फसल देखने गए युवा किसान ने खेत में लगे अमरूद के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। परिजन आत्मघाती कदम की कोई ठोस वजह नहीं बता पा रहे हैं।
गिरवां थाना क्षेत्र के छिबांव गांव निवासी पवन मिश्रा (28) शुक्रवार की शाम गेहूं की फसल देखने गया था। वहां अमरूद के पेड़ से रस्सी से फंदा लगा लिया। देर शाम घर नहीं लौटा तो परिजन तलाश करते पहुंचे तो वह वहां फंदे से लटका मिला। बड़े भाई कमलेश ने बताया कि दो भाइयों में छोटा था।
चाचा कृष्ण कुमार मिश्रा का दो बीघा खेत बंटाई पर लेकर खेती किसानी करता था। शुक्रवार की शाम वह खेत गया था। वहां आत्मघाती कदम उठा लिया। खुदकुशी की वजह नहीं पता। वह अविवाहित था। पिता जगन्नाथ मिश्रा ट्रक चलाते हैं। गिरवां थाना इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने बताया कि परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता पा रहे हैं। सिर्फ इतना बताया है कि घरेलू मामला है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।