बांदा। पांच दिन पहले जेल में हार्ट अटैक से हुई बंदी अजीत कुमार की मौत के मामले में परिजनों ने संदिग्धता जाहिर की है। डीएम को दिए शिकायती पत्र में निष्पक्ष जांच व आश्रित पत्नी को आर्थिक मदद व नौकरी देने की मांग की है।
बिसंडा के भुराने पुरवा निवासी जूनियर विद्यालय के अनुदेशक अजीत कुमार दलित महिला से छेड़छाड़ व पाॅक्सो एक्ट के आरोप में दो मार्च 2023 को जेल गया था। 11 सितंबर को जेल प्रशासन ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जेल अधिकारियों का कहना है कि बंदी की मौत हार्ट अटैक से हुई है, लेकिन परिजन जेल अधिकारियों की इस बात से सहमत नहीं हैं।
शुक्रवार को परिजनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को शिकायती पत्र देकर निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही बताया कि पीड़ित के पास आय का कोई श्रोत नहीं हैं। ओरन में किराए के मकान में रहते हैं। दो नाबालिग बच्चों की शिक्षा व भरण पोषण के लिए आर्थिक मदद करने के साथ ही आश्रित पत्नी को सरकारी नौकरी दिलाई जाए।