बांदा। जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याएं सुनीं और तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग से कपसा मार्ग के चौड़ीकरण का अवशेष कार्य कराने को कहा। व्यापारियों ने डीएम से औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ़ में स्वतंत्र फीडर की मांग की।
डीएम नगेंद्र प्रताप ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं को प्राथमिकता पर लें और निस्तारण कराएं। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एक जनपद-एक उत्पाद, मार्जिन मनी योजना की समीक्षा भी की। बैंकों में लंबित मामलों के तत्काल निस्तारण कराने को कहा। औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ़ में रिक्त भूखंडों का जल्द विज्ञापन कराकर आवंटन कराने और लगाई गईं सोलर लाइटों की चेकिंग कराने को कहा। बताया गया कि औद्योगिक क्षेत्र में पेयजल के लिए 1.61 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। जल निगम को शीघ्र स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराने को कहा। निवेशक रोहित जैन ने औद्योगिक क्षेत्र में स्वतंत्र विद्युत फीडर की मांग की। डीएम ने तत्काल इस पर अमल करने को कहा। बैठक में एडीएम न्यायिक अमिताभ यादव, उपायुक्त उद्योग गुरुदेव सहित व्यापारी नेता अशोक गुप्ता, मनोज जैन आदि उपस्थित रहे।