बांदा। परिवहन निगम के बस स्टैंड से सटी बाउंड्री में रोड पटरी पर ढिलियां, खोमचे और गुमटियां लगाने वालों ने अतिक्रमण कर लिया है। इससे न केवल बसों को स्टैंड में जाने से दिक्कत हो रही बल्कि आए दिन सड़क पर जाम लगा रहता है।
परिवहन निगम का बस स्टैंड झांसी-मिर्जापुर हाइवे पर स्थित है। इस मार्ग से प्रतिदिन पांच हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन है। लेकिन परिवहन निगम, नगर पालिका के अधिकारियों की लापरवाही से लोगों ने ढिलियां, खोंचे और गुमटियां बस स्टैंड की बाउंड्री से सटाकर रोड पटरी में रख लिया है। जिससे आवागमन में खासा व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। जहां बसों को आने जाने में दिक्कतें हो रही हैं वहीं सड़क पर आए दिन जाम लगा रहता है।
यहां तक की जाम में घंटों एंबुलेंस, स्कूल वाहन आदि फंसे रहते हैं। एआरएम कमल कुमार आर्य का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार नगर पालिका व पुलिस को पत्र लिखा गया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उधर, नगर पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि अंकित बासू का कहना है कि समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है। जल्द ही अभियान चलाकर अतिक्रमण को हटाया जाएगा।