बांदा (अतर्रा)। शातिराना तरीके से एलएनटी कंपनी के तीन स्टोर कीपरों द्वारा गोदाम से लगभग डेढ़ लाख रुपये की ढाई टन की सरिया चोरी कर ली। इस मामले में कंपनी के अधिकारी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
एलएनटी कंपनी के प्रशासनिक अधिकारी रामनाथ मिश्रा ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि कंस्ट्रक्शन कंपनी का यार्ड नेशनल हाईवे गडरा नाला के पास स्थित है। यार्ड में बिहार के जिला गोपालगंज के सरखेखास गांव निवासी अमित श्रीवास्तव, लखनऊ के तुलसी बिहार कालोनी निवासी सत्यम मिश्रा एवं झांसी के समथर गांव निवासी मिहिर रावत स्टोर कीपर के पद पर कार्यरत हैं। उक्त स्टोर इंचार्जों द्वारा कंपनी के बिना निर्देश के 10 एमएम साइज की 2.5 टन सरिया को गोदाम से निकालकर चोरी कर लिया गया।
स्टोर के निरीक्षण के दौरान सरिया कम होने पर चोरी किए जाने की जानकारी हुई। जिसके बाद यार्ड में ताला बंद कराकर पुलिस को मौके पर बुलाकर तीनों आरोपियों को आशंका के आधार पर पुलिस के हवाले में कर दिया गया। पुलिस की कड़ी पूछताछ में उक्त आरोपियों ने जुर्म कबूल लिया तथा चोरी की गई सरिया भी बरामद कर ली गई है।
कोतवाली इंस्पेक्टर पंकज सिंह ने बताया कि आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया है। छिपाकर रखी गई सरिया को गोदाम से बरामद किया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना कराई जा रही है।