फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Banda News: 14 घंटे गुल रही बिजली, लोगों ने किया हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
बांदा। अब बारिश ही शहर को बिजली कटौती से मुक्ति दिला सकती है। भीषण गर्मी में नए केबल और ट्रांसफार्मर जवाब दे रहे हैं। केबल बिछाने के नाम पर ठेकेदारों की मनमानी भी शहरवासियों पर भारी पड़ रही है।
विज्ञापन

गुलाब बाग व खाईंपार में बुधवार को सुबह 11 बजे शटडाउन लिया गया। रात 12 बजे तक बिजली नहीं आई। इससे मोहल्ले के लोग भड़क गए। एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। इसके अलावा रात में अन्य मोहल्लों में कहीं जंपर उड़ते रहे तो कहीं ट्रांसफार्मर गर्म होने पर कटौती की गई। लोगों ने भीषण गर्मी में छत व मैदान में घूमकर रात बिताई।
पीलीकोठी उप केंद्र से जुड़े गुलाबबाग व खाईंपार फीडर में ठेकेदार नई एलटी लाइन (एबीसी केबल) बिछाने का कार्य कर रहे हैं। बुधवार को सुबह 11 बजे बिना अधिकारियों को सूचना दिए शटडाउन ले लिया गया, लेकिन मौके पर न ठेकेदार और न ही सुपरवाइजर पहुंचे। मजदूर मनमानी तरीके से काम करते रहे।
विज्ञापन

400 मीटर केबल बिछाने में मजदूरों ने 14 घंटे लगा दिए। भीषण गर्मी में लोगों के सब्र का बांध टूट गया। रात 11 बजे लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर पीलीकोठी उप केंद्र से एसडीओ चंदन यादव और जेई शावेंद्र पटेल पहुंचे तो उन्हें खरी खोटी सुनाई। मजे की बात यह है कि दोनों को शटडाउन की जानकारी ही नहीं थी। एसडीओ ने आश्वासन दिया कि अब ठेकेदार के लिखित देने पर ही शटडाउन दिया जाएगा। करीब 12 बजे लाइन चालू हुई तब लोगों को राहत मिली।

बिजली कटौती से जीना दुश्वार

लगातार बिजली कटौती से न तो रात में सो पाते हैं और न ही दिन में आराम कर पाते हैं। महाविद्यालय की परीक्षा चल रही हैं। बेटियां पढ़ाई नहीं कर पा रही हैं। बिजली कटौती में सुधार होना चाहिए। -बिल्कीस खातनू, खाईंपार।

गर्मी से पड़ रहे बीमार
-गर्मी में बिजली की कटौती से सभी की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। रात में सो नहीं पाते। दिन के कामकाज में आलस्य लगता है। घर में रहने वाले बच्चे और महिलाएं वह बीमार हो रहे हैं। -अधिवक्ता फहीम अहमद, छावनी, बांदा

एक्सईएन से मिले विधायक के प्रतिनिधि
पीलीकोठी, भूरागढ़ और तुलसीनगर उप केंद्र में बिजली आपूर्ति पटरी से उतरने पर जनता में आक्रोश है। बृहस्पतिवार की दोपहर सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी के प्रतिनिधि रजत सेठ पीलीकोठी पहुंचे। एक्सईएन प्रकाश देव पांडेय से वार्ता की और बिजली आपूर्ति में सुधार की चेतावनी दी।

हुसैनगंज में रात में आंखमिचौली

लोहिया पुल के पास हुसैनगंज के करीब पांच हजार लोग रात भर बिना बिजली परेशान रहे। यहां हर बीस मिनट पर बिजली ट्रिप करती रही। लोग अधिकारियों को फोन करते रहे, पर कोई फायदा नहीं हुआ। मढि़यानाका, निम्नीपार व मर्दननाका में वोल्टेज इतना कम रहा कि लोगों के पंखे व कूलर नहीं चल सके। कालूकुआं, कर्बला रोड, छोटी बाजार, सिविल लाइंस व क्योटरा में भी बिजली की आवाजाही लगी रही। लोग रात भर जागते रहे।


बाधित रहेगी बिजली
पीलीकोठी उपखंड अधिकारी चंदन यादव ने बताया कि शुक्रवार को मटौंध उपकेंद्र में आकाशीय बिजली गिरने से रोकने के लिए उपकरण लगाए जाने हैं। इसलिए सुबह साढ़े दस से 11 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।

वर्जन-
भूरागढ़ फीडर में जंपर उड़ने से शटडाउन लिया गया था। पीलीकोठी में भी कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से रात में कई बार बिजली काटनी पड़ी। बिजली आपूर्ति में सुधार का प्रयास किया जा रहा है। -प्रकाश देव पांडेय, एक्सईएन।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें