बांदा। तिंदवारी रोड स्थित 220 केवी सब स्टेशन में मरम्मत कार्य के चलते शहर सहित गांवों की बिजली आपूर्ति करीब छह घंटे बंद रही। इससे लोग परेशान रहे। हालांकि विभाग ने चार घंटे ही बिजली बंद रखने की सूचना दी थी। उधर, दोपहर बाद बिजली आई तो लोग बिजली की आंख मिचौली और लो वोल्टेज से जूझते रहे है।
रविवार को शहर के तिंदवारी रोड स्थित 220 केवी में अनुरक्षण (मेंटेनेंस) के चलते 132 केवी बांदा, 132 केवी पैलानी, औगासी आदि की बिजली आपूर्ति सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक बंद रही। ऐसे में उमस के चलते शहर सहित गांव के लोग परेशान रहे। घरों से बाहर निकल कर टहलते रहे। हालांकि बिजली विभाग के अधिकारियों ने दोपहर 12 बजे तक ही बिजली बंद रहने की सूचना दी थी। उधर, दोपहर बाद बिजली आई तो मोहल्ला खुटला, खिन्नी नाका में लो वोल्टेज की समस्या शुरू हो गई। जो देर शाम सुधर सकी। छाबी तालाब और नोनिया मोहाल में बिजली की आवाजाही से लोग परेशान रहे।
धीरज नगर, कालू कुआं, किरन कालेज केवटरा, मर्दन नाका, संकट मोचन में भी बिजली की आंख मिचौली चलती रही। अतर्रा चुग्गी चौकी के पास हाई वोल्टेज से लोगों के इलेक्ट्रानिक उपकरण फुंक गए। दोपहर दो बजे के आसपास मेडिकल काॅलेज के पास पेड की एक डाल 33 केवी लाइन में गिर गई। कमोवेश यही स्थिति ग्रामीण क्षेत्रों की भी रही। खप्टिहाकलां में लोवोल्टेज से लोग परेशान रहे। पैलानी में कही लोवोल्टेज तो कही हाई वोल्टेज से लोग परेशान रहे। अधीक्षण अभियंता ट्रांसमिशन रविकांत ने बताया कि अनुरक्षण कार्य पूरा हो गया है। जल्द सब ठीक हो जाएगा।