बदौसा (बांदा)। ट्रांसफार्मर के कटे केबल के करंट से बीए के छात्र की मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस को काफी देर तक शव नहीं उठाने दिया।
थाना क्षेत्र के गर्गपुर (चंदौर) गांव निवासी देशराज यादव उर्फ पिंटू (23) पुत्र प्रेम सागर यादव शुक्रवार की सुबह चार बजे शौच के लिए घर से निकला था।
घर के पास रखे ट्रांसफार्मर के कटे केबल से उसका हाथ छू गया। करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। कुछ देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो चीख पुकार मच गई।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने डंडे से देशराज को तार से अलग किया। सूचना पर पहुंची पुलिस को परिजनों और ग्रामीणों ने शव नहीं उठाने दिया।
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद पर ग्रामीण अड़ गए। लगभग आधा घंटा तक हंगामा किया।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कार्रवाई का भरोसा देकर आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को शांत किया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पिता ने बताया कि देशराज बीए फाइनल का छात्र और दो भाइयों में बड़ा था। उसके रिश्ते की भी बात चल रही थी। अगले वर्ष फरवरी तक उसकी शादी करना थी।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर और बाक्स की ऊंचाई ज्यादा न होने से बारिश के दौरान अक्सर आसपास करंट उतर आता है।
कई मवेशियों की करंट की चपेट में आकर मौत हो चुकी है। बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार ट्रांसफार्मर हटवाने या घेराबंदी कराने की मांग की गई, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। चेतावनी दी कि ट्रांसफार्मर नहीं हटवाया तो आंदोलन किया जाएगा।