बिसंडा (बांदा)। इंटर की परीक्षा देकर लौट रहे बाइक सवार दो छात्रों को सामने से आए गिट्टी भरे डंपर ने टक्कर मार दी। एक छात्र की कुचलकर मौके पर मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने डंपर चालक को पकड़ लिया है।
बबेरू कोतवाली के शिवाजी चौराहा निवासी गुलाम कादिर (18) फुफेरे भाई परवेज (18) के साथ शनिवार को इंटर की परीक्षा देने बिसंडा इंटर कॉलेज में आया था। पेपर देने के बाद दोनों बाइक से बांदा जा रहे थे। बिसंडा से दो किलोमीटर आगे बांदा रोड पर नहर के पास सामने से आए गिट्टी लदे डंपर ने टक्कर मार दी। बाइक चला रहा गुलाम कादिर पहिये के नीचे आ गया। कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा परवेज गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। चचेरे भाई अब्दुल रसूल ने बताया कि गुलाम के पिता मुजीबुर्रहमान की मुरवल गांव में कपड़े की दुकान है। पेपर देने के बाद वह परवेज के साथ दुकान का माल लेने बांदा जा रहा था। गुलाम दो भाई व एक बहन में बड़ा था। घर में मां शबा नाज हैं। दोनों बबेरू के जेपी शर्मा इंटर कॉलेज के छात्र थे।
बिसंडा इंस्पेक्टर श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि डंपर चालक फतेहपुर निवासी धर्मेंद्र को पकड़ लिया गया है। डंपर थाने में खड़ा कराया है। तहरीर नहीं मिली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।