बांदा। शराब के नशे में धुत्त ई रिक्शा चालक अपना रिक्शा छोड़कर घर पहुंचा तो पत्नी ने सवाल जवाब किए। उसने चार लोगों पर मारपीट कर एक हजार रुपये लूटने व मोबाइल छीनने की बात बताई। पत्नी ने काेतवाली में शिकायत की तो पुलिस ने तलाश कर उसका ई रिक्शा बरामद कराया। अब उसके परिजन डीएम के यहां लूट की तहरीर लेकर पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराने की फरियाद की।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बाकरगंज मोहल्ला निवासी सुनील गुप्ता ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह ई रिक्शा चालक है। पहली जुलाई को स्टेशन से उसे चमरौड़ी मोहल्ले का एक व्यक्ति जिसे वह जानता है व तीन अन्य अज्ञात लोग मिले। वह सभी रिक्शे में बैठकर खूंटी चौराहा गए। वहां सुनील के साथ मारपीट कर उसे बेहोश कर दिया। उसकी जेब में पड़े एक हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया और हाथ पैर बांधकर उसे खेत में फेंककर भाग निकले। जब उसे होश आया तो वह किसी तरह से अपने घर पहुंचा। उसने घर में बताया तो पत्नी ने कोतवाली में शिकायत की। जिस पर पुलिस ने तलाश कर उसका ई रिक्शा बरामद करा दिया है।
घटना के संबंध में शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि ई रिक्शा चालक की पत्नी ने सुनील की गुमशुदगी की सूचना दी थी। अगले दिन सुनील खुद घर पहुंच गया था। वहां उसने लूट की कहानी गढ़ दी। उन्होंने दरोगा से जांच कराई तो पता चला कि यह शराब के नशे का आदी है। नशे में ई रिक्शा छोड़ आया था। ई रिक्शा को बरामद करा दिया है। लूट की बात गलत है।