बांदा। गिट्टी लेने कबरई जा रहे ट्रेलर में सामने से आए गिट्टी से भरे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में खाली ट्रेलर के चालक की मौत हो गई।
रायबरेली जिले के सरैनी थाना क्षेत्र के गंगागंज गेगासो गांव निवासी सुशील कुमार (39) रविवार की दोपहर गिट्टी लेने महोबा के कबरई गांव जा रहा था। तिंदवारी थाना क्षेत्र के तिंदवारी चौराहे में पेट्रोल पंप के पास सामने से आए गिट्टी से भरे दूसरे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में चालक सुशील गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छोटे भाई मोनू ने पोस्टमार्टम हाउस में बताया कि घर में पत्नी ऊषा व दो बेटे एक बेटी है। 10 बिस्वा जमीन है। तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर राजेंद्र राजावत ने बताया कि मौके से हादसे को अंजाम देकर ट्रेलर चालक भाग निकला है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।