बांदा। कबरई से गिट्टी लेकर अयोध्या जा रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक में शार्ट-सर्किट हो जाने से आग लग गई। देखते ही देखते उसमें बैठा चालक जिंदा जल गया। इससे उसकी मौत हो गई।
अमेठी के इनहोना थाना क्षेत्र के नौखेरा गांव निवासी सुशील कुमार (40) ट्रक चालक था। वह मंगलवार की शाम हैदरगढ़ बाराबंकी से गिट्टी लेने कबरई (महोबा) पहुंचा था। कबरई से गिट्टी लादकर वह बुधवार को सुबह नौ बजे के करीब अयोध्या जा रहा था। चिल्ला थाना क्षेत्र के बगिया गांव के पास अचानक स्टेयरिंग फेल हो जाने से ट्रक पलट गया। देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग में सुशील की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे की जानकारी लगने पर सीओ सिटी गवेंद्र पाल गौतम और चिल्ला थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दमकल की गाड़ी बुलाकर ट्रक में लगी आग को बुझाया। तब तक सुशील का शव पूरी तरह से जल चुका था।
ट्रक मालिक हैदरगढ़ बाराबंकी निवासी राजन सिंह ने बताया कि मृतक अपने घर का एकलौता था। उसकी दो पत्नियां रामरानी और सावित्री हैं। दोनों से तीन पुत्र और चार पुत्रियां हैं। उधर, हादसे के संबंध में थानाध्यक्ष चिल्ला प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि ट्रक में शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।