करतल (बांदा)। बैल का शिकार कर झाड़ियों में घुसे बाघ की सूचना पर खलबली मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पन्ना टाइगर रिजर्व के कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों की मदद से बाघ को वापस जंगल में खदेड़ा। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
सीमावर्ती मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व का एक बाघ शुक्रवार की सुबह को बफर क्षेत्र के ग्राम डोभा के पास स्थित खेत में आ गया। बैल का शिकार करने के बाद बाघ पास के नाले में झाड़ियों में छिपकर बैठ गया। गांव के पास खेत में बाघ आने की खबर फैलते ही गांव में खलबली मच गई। मामले की जानकारी पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारियों को दी गई।
मौके पर पहुंची टीम ने हाथियों की मदद से बाघ को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया। क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व अंजना सुचिता तिर्की ने बताया कि बाघ के हटने तक बिजली बंद करा दी गई थी। इसके बाद पन्ना टाइगर रिजर्व के प्रशिक्षित हाथियों की सहायता से टीम ने बाघ को जंगल की ओर सुरक्षित खदेड़ दिया।