बांदा। जिला विद्यालय निरीक्षक विजय पाल सिंह ने शासकीय व अशासकीय के माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने गैर हाजिर पांच शिक्षक व शिक्षणेतर कर्मचारियों का वेतन रोकने का आदेश दिया।
जीजीआईसी तिंदवारी के निरीक्षण में वरिष्ठ सहायक संजीव कुमार बिना किसी सूचना के गैरहाजिर थे, राजकीय इंटर कॉलेज पचनेही की सहायक अध्यापक बसंत करन सिंह, वन्दना व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी करुणेश प्रसाद द्विवेदी बिना सूचना के गैरहाजिर थे। इनका भी वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। पठन पाठन और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
सत्य नारायण इंटर कॉलेज तिंदवारी में सभी शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित मिले। भारत भक्त समाज इंटर कॉलेज ब्योजा में सहायक अध्यापक रावेंद्र सिंह भी अनुपस्थित थे। इनके खिलाफ भी वेतन रोकने की कार्यवाही की गई। जेपी शर्मा इंटर कॉलेज में प्रवक्ता राजेश तिवारी गैरहाजिर थे, प्रधानाचार्य ने बताया कि मानव संपदा के माध्यम से अवकाश लिया है। जय भारत इंटर कॉलेज मुरवल में सभी शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित मिले। संवाद