बांदा। बांदा-मिर्जापुर पर हाईवे पर वाहन की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ राहगीरों ने वाहन का पीछा किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से वाहन की खोज कर रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के मथना खेड़ा गांव निवासी राममिलन (52) शुक्रवार की सुबह साइकिल से अतर्रा चुंगी स्थित दुकान आ रहा थे।
बांदा-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ढाबे के पास अतर्रा से बांदा की तरफ आ रहे चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। इससे राममिलन गंभीर रूप से घायल हो गए।
चालक वाहन लेकर भागने लगा। तभी कुछ बाइक सवार राहगीरों ने नवाब टैंक तक पीछा किया, लेकिन पकड़ नहीं सके। चालक वाहन लेकर भाग गया।
घटना की सूचना पर भाई रामधनी ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया।
रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। बेटे अजय ने बताया कि पिता राममिलन गांव से रोजाना साइकिल से दुकान आते-जाते थे।
वह कपड़ा प्रेस करने का कार्य करते थे। उनकी तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं। बेटे ने पुलिस को दुर्घटना की तहरीर दी है। घटना से मां मंती देवी बेसुध हैं।