वसूली में सहयोग न करने वाले अफसरों के कनेक्शन काटें : कमिश्नर
- अधूरे पुलों का निर्माण पूरा कर अप्रैल से आवागमन चालू कराने के दिए निर्देश
- लापरवाही पर संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य से मांगा स्पष्टीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल आरपी सिंह ने बिजली के बड़े बकायेदारों से वसूली में तेजी लाने और अभियान में सहयोग न करने वाले अधिकारियों के कार्यालय व आवासों का बिजली कनेक्शन काटने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा लापरवाही बरतने पर संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य अभय कुमार से स्पष्टीकरण मांगा है।
आयुक्त ने बिजली विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि बकायेदारों से वसूली अभियान चलाया जाए। निवेश मित्र व झटपट पोर्टल पर आईं शिकायतों का जल्द निस्तारण किया जाए। लोक निर्माण विभाग को मार्च तक सड़क निर्माण, चौड़ीकरण कराएं। जो निर्माण पूरे हो गए हैं उनकी सूची डीएम को उपलब्ध कराएं। बांदा में सात, चित्रकूट में 12, हमीरपुर में चार पुल का निर्माण समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। संबंधित अफसरों को इन पुल से एक अप्रैल तक आवागमन शुरू न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। कृषि विभाग को किसानों को सोलर पंपों की आपूर्ति के लिए जल्द चयनित करने को कहा। अपर निदेशक पशुपालन रावेंद्र सिंह राठौर से कहा कि गोवंश छुट्टा नहीं मिलने चाहिए। गोशालाओं में केयर टेकर रखने व भूसे की पर्याप्त व्यवस्था करें। उनका टीकाकरण शत प्रतिशत पूरा करें। बैठक में संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य को सही जानकारी न देने पर स्पष्टीकरण तलब किया। कहा कि, सीएमओ बिना डीएम की अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ें। अधूरे सीएचसी व पीएचसी का निर्माण मार्च तक पूरा कर लिया जाए। जन आरोग्य योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाने के लिए कैंप लगाए जाएं। बैठक में डीएम बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट सहित बिजली, स्वास्थ्य, पशुपालन विभाग के मंडल व जनपद स्तरीय अधिकारी रहे।
-
कई एसडीएम इधर से उधर
बांदा। जिलाधिकारी दीपा रंजन ने उप जिलाधिकारियों के क्षेत्रों में बदलाव किया है। डिप्टी कलेक्टर नमन मेहता को पैलानी का एसडीएम बनाया है। पैलानी के एसडीएम लाल सिंह यादव को डिप्टी कलेक्टर बनाया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (ट्रेनी आईएएस) जगत साई रत्नापल्ली को नरैनी का एसडीएम बनाया है। (संवाद)