बांदा। गाजियाबाद के युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर तमंचा व कारतूस बरामद किया। उधर, एक अन्य मामले में गैर जमानती वारंट जारी होने पर दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीनों को जेल भेज दिया गया। गिरवां थाने के उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार को शाम हमराहियों के साथ गश्त पर थे। गिरवां तिराहा नहर पुलिया पर बैठे संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर 12 बोर तमंचा व कारतूस बरामद हुए। उसने अपना नाम मोहम्मद चांद पुत्र मोहम्मद इकबाल कुरैशी निवासी मुरादनगर (गाजियाबाद) बताया। उसके यहां आने के बारे में पूछताछ की गई तो बताया कि उसकी भाभी मीरा चौधरी तेरा पत्योरा प्राथमिक विद्यालय में टीचर हैं। उसी के पास आता-जाता है। उसे रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। उधर, एक अन्य मामले में गैर जमानती वारंटी जारी होने पर सगे भाई रामऔतार व रामेश्वर यादव पुत्रगण रज्जू निवासी अकबरपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।