मीडिया के सामने बैंक कैशियर लुटेरों को पेश करते एसपी व क्षेत्राधिकारी नगर।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। करीब डेढ़ माह पूर्व दिनदहाड़े केसीएनआईटी के पास इलाहाबाद बैंक कैशियर से हुई 10 लाख रुपये की लूट के मामले में दो और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास लूट के एक लाख रुपये और बैग बरामद हुआ है। दो जुलाई को यह लूट हुई थी। इस मामले में पुलिस ने अभियुक्त प्रशांत पटेल, राशिद शेख मंसूरी और हिमांशु अग्निहोत्री उर्फ पाथर को गिरफ्तार करके 5.20 लाख रुपये बरामद करने का दावा किया था। अब सोमवार को पुलिस ने दो और आरोपी सोमचंद्र पुत्र शिवराज हरिजन (चमरौटी, चमड़ा मंडी, बांदा) और बैंक के जनरेटर आपरेटर ललित कुमार रैकवार उर्फ मुन्ना पुत्र छेदीलाल (मढ़िया नाका, बांदा) को मवई पेट्रोल पंप के पास गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक ललित कुमार के पास से लूट का एक लाख रुपये बरामद हुआ है। ललित कुमार पर आरोप है कि उसने बैंक में कैश जाने की सूचना अभियुक्तों को दी थी। सोमचंद्र पर पांच हजार रुपये का ईनाम घोषित था। क्षेत्राधिकारी नगर प्रभात कुमार सहित कोतवाल केपी सिंह, एसआई दुर्गविजय सिंह व रामबाबू यादव और कांस्टेबिल सुशील कुमार, प्रकाशवीर और आनंद कुमार अभियुक्तों को दबोचने में शामिल रहे।