बांदा। अमावस्या पर चित्रकूट जा रहे बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। उधर, अन्य घटनाओं में एक युवती बोलेरो की टक्कर से और दूसरी बाइक से गिरकर घायल हो गई। हमीरपुर जिले के जलालपुर गांव निवासी दयाशंकर उर्फ नीतू (30) पुत्र जगदीश अपने चचेरे भाई अमित (28) पुत्र अशोक द्विवेदी के साथ गुरुवार की रात बाइक से चित्रकूट जा रहा था।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमुनीपुरवा गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया की दीवार से टकरा कर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मोबाइल फोन के जरिये दोनों की शिनाख्त हुई। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था। सिर पर गंभीर चोट आने से दोनों की मौत हो गई। अमित की पिछले साल शादी हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए।
उधर, शहर कोतवाली क्षेत्र के मवई बुजुर्ग गांव निवासी प्रेमा (40) पत्नी कल्लू गुरुवार को देर शाम कताई मिल पुरवा से घर जाते समय बोलेरो की टक्कर से घायल हो गई। एक अन्य घटना में शहर के अलीगंज मोहल्ला निवासी रानी (45) पत्नी लल्लू शुक्रवार को सुबह बाइक पर अपने पुत्र के साथ मटौंध से घर आते समय खैराडा के पास स्पीड ब्रेकर पर गिरकर घायल हो गई। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।