बांदा (ब्यूरो)। इंटरसिटी ट्रेन में युवक जीआरपी को बेहोशी अवस्था में मिला। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों का कहना है कि नशीला पदार्थ खिलाकर जहरखुरानी गिरोह उसका सामान और नगद आदि ले गया। उधर, पुलिस बीमारी से बेहोश होना बता रही है। मौदहा थाना क्षेत्र के पड़ोहरी गांव का राम लखन (45) पुत्र बदलू रविवार को दोपहर कानपुर से बांदा आई इंटरसिटी में बेहोश हालत में मिला। वह देहरादून से आ रहा था। वहां मजदूरी करता है। पुत्र अमित ने बताया कि कानपुर और मौदहा के बीच अज्ञात लोगों ने नशीला पदार्थ खिलाकर रुपये लूट लिए। उधर, जीआरपी थानाध्यक्ष पीएल प्रजापति ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रुप से यात्री के ट्रेन में बेहोश होने की सूचना मिली थी। इस पर यहां उसे यहां उतारा गया। उसके पास से कानपुर से बांदा का टिकट, 559 रुपये, एक चाइना का मोबाइल, और खाने वाला टिफिन मिला था। यह उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। जीआरपी थानाध्यक्ष ने जहरखुरानी की बात को गलत बताते हुए बीमारी से बेहोश होने की बात कही है।