सुरक्षा गनर दरोगा व भाइयों के साथ मारपीट पर नरैनी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने को बैठी शीलू निषाद
- फोटो : अमर उजाला
हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस सुरक्षा से लैस चर्चित युवती शीलू निषाद की सुरक्षा में लगे दरोगा के साथ मारपीट करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र का शहबाजपुर शीलू का पैतृक गांव है। वह यहीं रह रही है। बृहस्पतिवार की रात गांव में हो रही नौटंकी में आधी रात को कुछ लोगों ने नशे की हालत में नौटंकी मंच पर चढ़कर अव्यवस्था फैलाई। शीलू निषाद की सुरक्षा में लगे दरोगा केदारनाथ सिंह ने डांट-डपटकर भगा दिया। इससे नाराज दबंग पिता, भाई व दर्जनभर लोगों के साथ शीलू के घर जा धमके और शीलू के सगे व चचेरे भाइयों तथा गांव के कल्लू प्रजापति और शीलू की सुरक्षा में लगे दरोगा केदारनाथ सिंह के साथ मारपीट की।
शीलू ने बताया कि उसके सुरक्षा गार्ड को दबंग अंधेरे में घसीट ले गए। पुलिस ने मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी राकेश सरोज ने बताया कि आरोपी नत्थू पटेल पुत्र रामऔतार व संजय पटेल और अजय पटेल पुत्र नत्थू पटेल को गिरफ्तार कर धारा 151 में चालान किया गया है। उधर, शीलू ने कहा है कि उसकी तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट नहीं लिखी गई। न ही वाजिब धाराएं लगाई गईं। इसके लिए वह शनिवार को पुलिस अधीक्षक से मिलेगी।