पत्नी से विवाद के बाद युवक ने मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगा ली। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, घटना को लेकर झुलसे युवक की बहनों और उसकी पत्नी के बीच अस्पताल में जमकर नोकझोंक हुई।
गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग गांव निवासी धीरेंद्र उर्फ मुन्ना यादव (37) पुत्र कामता यादव ने शनिवार की रात घर में मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। पत्नी नीलम और पुत्रों ने दरवाजा खोलाकर आग बुझाई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पत्नी ने बताया कि गिरवां स्थित खदान से बाइक पर मोरम ढोता था। रात को शराब के नशे में आया और डंडे से उसे मारने-पीटने लगा। पति ने दरवाजा अंदर से बंद कर आग लगा ली। उधर, धीरेंद्र की बहनों और पत्नी के बीच जमकर नोकझोंक हुई। रिश्तेदारों ने समझाया-बुझाया।
एक अन्य घटना में तिंदवारी थाना क्षेत्र के छापर गांव में अशोक की पुत्री नेहा (18) शनिवार की रात आग से झुलस गई। घरवालों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों का कहना है कि खाना बनाते समय कपड़ों में आग लगने से घटना हुई।