जिला अस्पताल में भर्ती लूट का शिकार व्यापारी नासिर।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के पैतृक गांव से मात्र आठ किलोमीटर दूर पशु व्यापारी को अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने मारकर मरणासन्न कर दिया और 63 हजार रुपये लूट लिए। व्यापारी को झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गए। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया है। रिपोर्ट दर्ज हो गई है। तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर का कहना है कि जांच का विषय है। तिंदवारी थाना क्षेत्र के धौसड़ गांव का नासिर शाह (40) पुत्र कासिम बकरी कारोबारी है। शनिवार की देर शाम वह फतेहपुर से बकरी बेचकर लौटा था। उसके पास साढ़े 63 हजार रुपये थे। फतेहपुर से वह बस में अपने गांव के नजदीक जसईपुर मोड़ के पास उतर कर पैदल घर जा रहा था। गांव से करीब एक किलोमीटर पहले करीम बाबा मंदिर के नजदीक तीन बाइक सवार युवकों ने उसे घेर लिया और डंडों से पीटना शुरू कर दिया। उसके मरणासन्न अवस्था में पहुंच जाने पर उसकी जेब में रखे साढ़े 63 हजार रुपये लूट लिए और व्यापारी को नजदीक की झाड़ियों मेें फेंककर फरार हो गए। तीनों बदमाश चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए थे। होश आने पर वह किसी तरह घर पहुंचा। बुरी तरह घायल नासिर को घरवाले तत्काल अस्पताल लाए और भर्ती कराया। व्यापारी ने बताया कि दो बदमाशों के हाथों में तमंचे थे। रविवार को तिंदवारी थाना पुलिस ने अस्पताल आकर उसके बयान लिए। उधर, तिंदवारी थाना इंस्पेक्टर प्रमिला सिंह का कहना था कि अभी यह जांच का विषय है फिर भी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।