नकली नोट दिखाया ठगी का शिकार हुआ ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
बेंदाघाट। इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक की स्थानीय शाखा में कांग्रेस डेरा निवासी टिरुआ निषाद के साथ ठगी हो गई। टप्पेबाज ने उससे पांच हजार रुपये के असली नोट लेकर कागज की गड्डी थमा दी और झांसा देकर फरार हो गए।
टिरुआ अपने बचत खाते में यह पैसा जमा करने आया था। बैंक में मौजूद एक अंजान युवक से वह अपनी जमा पर्ची भरवाने लगा। युवक ने उससे नोटों का पूरा डिटेल पूछ लिया। इसी बीच दूसरा युवक आया और दो लाख रुपये जमा करने की पर्ची भरने को उससे कहा। पर्ची भर रहे युवक ने एकमुश्त दो लाख जमा करने पर 25 हजार रुपये बैंक मैनेजर और दो-दो हजार गवाहों को देने की बात कही।
पर्ची भर रहे युवक ने टिरुआ से उसके पांच हजार रुपये दूसरे युवक को दिलवा दिए। दोनों युवक टिरुआ को बैंक के बाहर ले आए और उसे रुमाल में बंधी कथित नोटों की गड्डी पकड़ाकर कहा कि यह नोट लेकर वह यहीं रुके। वह दोनों झांसा देकर गायब हो गए। बाद में टिरुआ ने रुमाल खोला तो उसमें कागज की गड्डी थी। नोट गायब थे। उधर, शाखा प्रबंधक जेके गुप्ता का कहना था कि सीसी कैमरे लग जाएं तो ऐसी घटनाओं को खुलासा हो सकता है। कैमरे लगवाना क्षेत्रीय कार्यालय का काम है। वह नहीं जानते की कब लगेंगे। उधर, ग्रामीणों का कहना है रोजाना दो सैकड़ा से ज्यादा ग्राहक और खाताधारक आते हैं। पुलिस कभी नजर नहीं आती। ठगी की इस ताजी घटना के बाद चौकी इंचार्ज आए और टहलकर चले गए।