वैदन पुरवा मेें खाक हो चुके मकान में खड़ी गृहस्वामिनी।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। बिजली के तार आपस में टकराने से फार्म हाउस में आग लग गई। इससे लगभग दो लाख रुपये की संपत्ति राख हो गई। एक मवेशी की भी मौत हो गई। उधर, नरैनी क्षेत्र के गांव में आग लगने से पांच परिवारों की फसल और लाखों रुपये की संपत्ति स्वाहा हो गई।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरेह गांव में रिटायर्ड फौजी मोहन सिंह के फार्म हाउस में गुरुवार को दोपहर तेज हवा के चलते एचटी लाइन में फाल्ट होने से छप्पर में आग लग गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से आग बुझाने के लिए नलकूप भी नहीं चल पाया।
इससे वहां रखी दो बाइक, पीवीसी पाइप और कृषि उपकरण जलकर राख हो गए। छप्पर जलकर गिरने से एक मवेशी की मौत हो गई। हालांकि दो भैंसें बचा ली गईं। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
नरैनी तहसील के रिसौरा गांव के मजरा वैदन पुरवा में बुधवार की रात रमाशंकर राजपूत के खलिहान में आग लग गई। घरों को भी आग ने चपेट में ले लिया। 10 बीघे की गेहूं की फसल और घर में लगभग 40 क्विंटल अनाज और 25 हजार रुपये और गृहस्थी का सामान व जेवर नष्ट हो गए।
गोरी पत्नी लक्ष्मी राजपूत की चार बीघा फसल, अनाज, गृहस्थी और 15 हजार रुपये जल गए। अशोक पुत्र गनेश राजपूत की भी फसल, गृहस्थी व 10 हजार रुपये और जेवर खाक हो गए। सामान निकालने में अशोक की मां श्यामकली गंभीर रूप से झुलस गई।
बाबादीन पुत्र तुलसीदास व हरिशंकर पुत्र रामशंकर का मकान और अनाज समेत गृहस्थी स्वाहा हो गई। पूर्व डीडीसी महेंद्र पाल वर्मा (राजू) ने गांव जाकर पीड़ितों को ढांढस बंधाया और 20-20 लाख रुपये मुआवजा और बैंक कर्ज की मांग की है।