अवैध शस्त्र फैक्ट्री के पकड़े गए आरोपी
- फोटो : amarujala
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए संचालक समेत तीन को दबोच लिया। इनके पास से 20 तमंचे और भारी मात्रा में कारतूस तथा बारूद बरामद हुई। उधर, पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर अवैध शराब व तमंचा बरामद किया।
देहात कोतवाली प्रभारी उमापति मिश्रा ने सोमवार को कुलकुम्हारी गांव में छापा मारकर अवैध असलहा फैक्ट्री बरामद कर ली। पकड़ी गई फैक्ट्री शिवशरण गुप्ता पुत्र कामता प्रसाद के घर के आंगन में चल रही थी। पुलिस ने मौके से जौरही गांव निवासी अजय सिंह उर्फ बुड्डा सिंह पुत्र सुमित सिंह और धनपत उर्फ लंगड़ा पुत्र छत्रपाल को भी दबोच लिया। पुलिस ने 315 बोर के 12, 12 बोर के 6 और 32 बोर के 2 कट्टे और 72 कारतूस समेत सात पटाखा बम और 100 ग्राम बारूद बरामद किया।
कोतवाली प्रभारी के मुताबिक पकड़े गए अभियुक्त शातिर अपराधी हैं। इनके खिलाफ गुंडा एक्ट समेत चोरी के कई मामले दर्ज हैं। तीनों पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया गया। एक अन्य मामले में कमासिन थाना पुलिस ने बाबूपुरवा गांव के पास संदिग्ध हालत में खड़े युवक को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 12 बोर तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी का नाम रिंकू तिवारी पुत्र शिवपूजन तिवारी (अमलोखर, कमासिन) बताया गया है।