हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत पर गिरने से सिंचाई कर रहे किसान की करंट लगने से मौत हो गई और किशोर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। झुलसे किशोर को तिंदवारी पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के बेंदाघाट गांव के मजरा भैरम पुरवा निवासी लेखराज सिंह उर्फ ननकू सिंह (48) पुत्र स्व.जगपाल सिंह मंगलवार सुबह खेत में गेहूं की फसल की सिंचाई कर रहा था। अचानक तेज हवा के झोंके से खेत के ऊपर से गुजरी एचटी लाइनों के टकराने से स्पार्किंग शुरू हो गई। कुछ ही देर बाद तेज आवाज के साथ एचटी लाइन का तार खेत में गिर पड़ा। करंट की चपेट में आकर सिंचाई कर रहा ननकू सिंह तड़पने लगा।
प्रधान प्रतिनिधि विवेक सिंह ने बिजली विभाग के अवर अभियंता को घटना की जानकारी देकर आपूर्ति बंद कराने का कहा। आपूर्ति बंद होने के बाद ग्रामीणों की मदद से परिजन उसे निजी वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक पांच बीघे का काश्तकार और अविवाहित था।
उधर, घर पर बोर्ड का स्विच खोलते ही नीरज सिंह (15) पुत्र स्व.रामबहादुर सिंह करंट की चपेट में आकर झुलस गया। प्रधान प्रतिनिधि ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी में भर्ती कराया। चिकित्सकों के मुताबिक किशोर की हालत ठीक है। उपचार किया जा रहा है। हाईटेंशन तार टूटने के बाद भैरम पुरवा के आधा सैकड़ा घरों में करंट दौड़ गया। किसी बड़ी अनहोनी की आशंका पर तमाम लोग घरों से बाहर निकल आए।
पुरवा में रहने वाले डा.रघुराज सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, तेज प्रताप सिंह, अनिल वर्मा, नीरज सिंह, शिवमंगल सिंह, बल्देव सिंह उर्फ चुन्नू सिंह, भवानी शंकर सिंह, बलराज सिंह समेत आधा सैकड़ा घरों में लगे बिजली के उपकरण फुंक गए। ग्रामीणों के मुताबिक दो से ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अधिशासी अभियंता विद्युत समरनाथ ने कहा कि मामला संज्ञान में है। जांच के लिए संबंधित अवर अभियंता को गांव भेजा है। अगर परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराया है तो एक लाख रुपये का मुआवजा देने का प्रावधान है। पोस्टमार्टम न कराने पर किसान के आश्रितों को कुछ नहीं मिलेगा।