डीएम कालोनी में चोरों द्वारा तोड़ी गई आलमारी दिखाते गृहस्वामी गजनफर अली।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। रमजान माह में सूना घर छोड़कर इबादत के लिए चला जाना कांग्रेस नेता को महंगा पड़ा। सूना मौका पाकर चोरों ने घर में हाथ साफ कर दिया। 38 हजार रुपये और एक लाख रुपये से ज्यादा के कैमरे पार कर दिए। कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने की रस्म अदायगी के बाद फिलहाल कोई धरपकड़ नहीं की। घटना मंगलवार की रात शहर के वीआईपी इलाके डीएम कालोनी की है। कांग्रेस नेता गजनफर अली यहां गली नंबर एक में अपने आवास पर अकेले रहते हैं। मंगलवार की रात वह रमजान में शबेकद्र की इबादत करने जीजीआईसी स्कूल के सामने स्थित शिया मसजिद गए थे। तभी रात में चोरों ने घर और आलमारी के ताले तोड़ कर चोरी कर ली। तड़के घर लौटने पर चोरी का पता चला। सूचना देने पर सिविल लाइन चौकी प्रभारी एके सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाली में चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गौरतलब है कि शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस किसी भी घटना का पर्दाफाश नहीं कर पा रही।