बांदा। 10 हजार रुपये से अधिक बकायेदारों और काटे गए कनेक्शनों को अवैध रूप से जोड़ लेने वाले 54 बिजली उपभोक्ताओं के विरुद्ध बिजली अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। 25 उपभोक्ताओं के विरुद्ध शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। विभागीय टीम ने 10.44 लाख रुपये बकाया वसूला है। बृहस्पतिवार को इसी क्रम में 14 उपभोक्ताओं की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पावर कारपोरेशन के उप खंड अधिकारी (चिल्ला रोड) हिमांशु कुमार और उप खंड अधिकारी पीली कोठी कुमार सौरभ ने बताया कि प्रदेश के प्रमुख ऊर्जा सचिव ने 10 हजार से अधिक के बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटने के निर्देश दिए थे। इसके लिए छह टीमें गठित की गई थीं। प्रत्येक टीम ने प्रतिदिन 25 कनेक्शन काटे। कुछ बड़े बकायेदारों ने अपने कटे कनेक्शन बिल अदा किए बगैर चोरी से फिर जुड़वा लिए। इनकी संख्या लगभग 25 है। साथ ही बिजली चोरी के अन्य मामलों को मिलाकर कुल 54 बड़े बकायेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। 25 के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। बताया कि बृहस्पतिवार को अवैध रूप से कनेक्शन जोड़ने वाले कुल 14 बकायेदारों के विरुद्ध विद्युत अधिनियम की धारा-138 के तहत शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रिपोर्ट दर्ज वाले उपभोक्ताओं में रामआधार गुप्ता (आवास विकास), श्यामलाल यादव व जगतपाल यादव, रमाशंकर यादव (स्वराज कालोनी), संतोष रैकवार (मछली मंडी), बबलू (साहब तालाब), लखनलाल धुरिया (स्टेडियम के पास), दुर्गा, निर्मला देवी, दिरपाल, जगमोहन, रनुवा, गामा प्रसाद और लीलावती (जेल के सामने हरिजन कालोनी) शामिल हैं।
बकायेदारी में कटे कनेक्शन पुन: जोड़ने का आरोप
बृहस्पतिवार को 14 उपभोक्ताओं पर दर्ज कराई रिपोर्ट
10.44 लाख रुपये बकाया वसूले
अमर उजाला ब्यूरो